विपक्ष ने उठाए जनहित के मुद्दे, जलकर टैक्स पर सवालों से नाराज हुईं नगर पालिका अध्यक्ष
टैक्स, गंदा पानी और पत्रकार भवन पर गरमाई परिषद की बैठक

- शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा नगर पालिका परिषद की शुक्रवार को आयोजित साधारण बैठक में 12 विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने जलकर टैक्स, गंदे पेयजल की सप्लाई और शहर के अन्य जनहित के मुद्दे उठाए। जलकर टैक्स को लेकर कांग्रेस पार्षद अहद खान के सवाल पर नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेंडिया नाराज हो गईं और कहा, “आप हर बार टैक्स की बात क्यों करते हो?” इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस भी देखने को मिली।

हरदा। शुक्रवार को हरदा नगर पालिका परिषद का साधारण सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें 12 विषयों पर विस्तार से चर्चा कर प्रस्तावों पर विचार किया गया। बैठक की शुरुआत नगर पालिका सीएमओ रोशन सिंह बाथम के परिचय और राष्ट्रगान के साथ हुई, जबकि समापन राष्ट्रगीत के साथ किया गया। बैठक में कांग्रेस पार्षद अक्षय उपरीत ने शहर के कई क्षेत्रों में नलों से गंदा पानी आने की शिकायत उठाते हुए सीएमओ का ध्यान इस ओर आकर्षित किया और जल्द समाधान की मांग की। विषय क्रमांक-3 के तहत वार्ड क्रमांक-22 स्थित नगर पालिका के भवन को तोड़कर खाली भूमि को 30 वर्ष की लीज पर देने का प्रस्ताव आया। इस पर विपक्षी पार्षदों ने पत्रकार भवन की पूर्व मांग का मुद्दा उठाया। जवाब में नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेंडिया ने कहा कि बस स्टैंड परिसर के ऊपर पत्रकारों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “आप मुझसे लिखकर ले लो, पत्रकारों को जगह दी जाएगी।
बैठक के दौरान भाजपा पार्षद ओमप्रकाश मोरछले ने पीछे से कहा कि बैठक को जल्दी समाप्त किया जाए। इस पर विधायक प्रतिनिधि अनिल दुबे ने जवाब देते हुए कहा कि परिषद के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा जरूरी होती है और जल्दबाजी में निर्णय लेने से नगर पालिका का नुकसान हो सकता है। शहर के विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई।

कांग्रेस पार्षद अमर रोचलानी ने शहर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए, लेकिन भाजपा पार्षद ओमप्रकाश मोरछले और लोकेश राव मराठा ने बीच में हस्तक्षेप किया। इस पर अमर रोचलानी ने कहा कि जब भी शहर के विकास की बात होती है, उनकी बात पूरी नहीं सुनी जाती और बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित कर दिए जाते हैं। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद अहमद खान ने जलकर टैक्स का मुद्दा उठाया तो नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेंडिया ने नाराजगी जताते हुए कहा, “आप हर बार टैक्स की बात क्यों करते हो?” इस पर अहद खान ने जवाब दिया कि जनहित के मुद्दे उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है। बैठक में बिरजाखेड़ी में 5 लाख लीटर क्षमता के सम्पवेल व टंकी निर्माण, रक्षाबंधन राखी बाजार, विभिन्न कॉम्प्लेक्स की दुकानों के किराया संशोधन, कचरा पृथक्करण, विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, सड़कों के डामरीकरण तथा शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित 12 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।



