मीटिंगराजनीति

नेता प्रतिपक्ष पर लगे आरोपों को कांग्रेस ने बताया साजिश, जांच तक बैठक बहिष्कार का ऐलान

विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश, कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा में 17 जुलाई को नगर पालिका परिषद की बैठक के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को गुरु कृपा होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा द्वारा नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी पर महिला पार्षदों के साथ अभद्र व्यवहार के लगाए गए आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश बताया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जांच पूरी होने तक नगर पालिका परिषद की बैठकों का बहिष्कार करने का ऐलान किया।

हरदा। सोमवार को गुरु कृपा होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक प्रतिनिधि अनिल दुबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी तथा कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे।

विधायक प्रतिनिधि अनिल दुबे ने कहा कि 17 जुलाई की परिषद बैठक में वार्ड क्रमांक-12 के पार्षद अक्षय उपरीत ने नगर में नलों से गंदा पानी आने की समस्या को नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ की अनुमति लेकर उठाया था। इसी दौरान भाजपा पार्षदों ने बीच में टोका-टोकी शुरू कर दी, जिससे बहस का माहौल बना। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने केवल जलकर टैक्स बढ़ाए जाने और जनता को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सवाल किया कि जब टैक्स बढ़ाया गया है तो लोगों को स्वच्छ पानी, साफ नालियां और बेहतर सफाई व्यवस्था क्यों नहीं मिल रही।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने भाजपा की शिकायत को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के नेताओं को प्रशासन का विशेष संरक्षण मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के ज्ञापन के लिए अवकाश के दिन भी कलेक्टर उपलब्ध हो जाते हैं, जबकि किसान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सामान्य दिनों में भी पर्याप्त समय नहीं दिया जाता।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार ने कहा कि कांग्रेस अपने सभी पार्षदों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम जनहित के मुद्दे उठाना है और भाजपा झूठी शिकायतों के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस पार्षद अहद खान ने आरोप लगाया कि परिषद में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाने के कारण विपक्षी पार्षदों को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में भी विपक्षी पार्षदों को परिषद से बाहर करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा सकते हैं।

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर ने फटाखा ब्लास्ट प्रभावित वार्ड क्रमांक-31 में शुद्ध पेयजल की समस्या उठाते हुए कहा कि एनजीटी की चेतावनी के बावजूद लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका से वहां पानी की टंकी और नई पाइपलाइन की व्यवस्था करने की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने कहा कि कांग्रेस पार्षद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कांग्रेस पार्षद परिषद की बैठकों का बहिष्कार करेंगे। साथ ही 15 अगस्त से शहरभर में जलकर, संपत्ति कर और सफाई कर बढ़ोतरी के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि परिषद बैठक में हुए घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। इसमें युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश चौहान, पार्षद सुप्रिया पटेल, अक्षय उपरीत, बबीता सोनकर, आदि पार्षद उपस्थित रहे।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button