कार्यवाही

नेशनल हाईवे चक्काजाम मामले में 7 किसानों पर एफआईआर दर्ज, तीन दिन बाद सिटी कोतवाली में हुई कार्रवाई

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। मूंग की समर्थन मूल्य (MSP) पर शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर आम किसान यूनियन के नेतृत्व में इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर किए गए अनिश्चितकालीन चक्काजाम के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर 12 बजे से हजारों किसानों ने इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर धरना देते हुए चक्काजाम शुरू किया था, जो देर रात तक जारी रहा। आंदोलन के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ था। इस मामले में घटना के तीन दिन बाद, 19 जुलाई को हरदा के सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा जिन किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें संजय खेरवा (आदमपुर), राम इनानिया (आदमपुर), करण चौधरी (आदमपुर), बसंत सारंग (पाचातलाई), अशोक गुर्जर (चरखेड़ा), केदार सिरोही (भोनखेड़ी) और गणेश पटेल (टेमागांव) सहित कुल 7 किसान शामिल हैं। पुलिस ने नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के संबंध में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, किसानों का कहना है कि उनका आंदोलन समर्थन मूल्य पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर था और वे अपनी मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

एफआईआर की प्रति देने से थाना प्रभारी ने किया इनकार

मामले की जानकारी लेने के लिए जब सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती से एफआईआर की प्रति मांगी गई, तो उन्होंने प्रति उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने कहा हम एफआईआर की कॉपी नहीं देंगे, आप सिर्फ नाम लिख लीजिए। जबकि एफआईआर की प्रति मांगने का उद्देश्य यह जानना था कि किसानों के खिलाफ किन धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं होने से दर्ज धाराओं की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button