के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार से सम्मानित हुए प्रधान आरक्षक तुषार धनगर
अंधे-कत्ल और नारकोटिक्स मामलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। मध्यप्रदेश पुलिस के लिए यह गर्व का क्षण है जब जिला हरदा में पदस्थ प्रधान आरक्षक तुषार धनगर को के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार वर्ष 2021 से सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना ने आज दिनांक 29 नवंबर 2024 को पुलिस ऑफिसर्स मैस, भोपाल में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। तुषार धनगर को यह सम्मान उनके कार्यक्षेत्र में उच्च कोटि की व्यावसायिक दक्षता का प्रदर्शन करने और अपराधों की जांच में उत्कृष्टता के लिए दिया गया है। विशेष रूप से, अंधे-कत्ल के मामलों को सुलझाने, नारकोटिक्स संबंधी अपराधों में अपराधियों को पकड़ने और अन्य गंभीर अपराधों के निराकरण में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उनकी सेवा काल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्य और निष्ठा ने उन्हें पुलिस विभाग का एक प्रेरणास्रोत बना दिया है। तुषार धनगर के इस सम्मान से हरदा पुलिस और जिले का गौरव और बढ़ा है। यह पुरस्कार पुलिस विभाग के उन कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपनी सेवा के दौरान असाधारण प्रदर्शन किया हो। तुषार धनगर की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रमाण है। इस मौके पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और उनके सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



