महिला थाना हरदा ने शुरू किया “हम होंगे कामयाब” जागरूकता अभियान

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। महिला थाना हरदा द्वारा “जेंडर आधारित हिंसा” की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान “हम होंगे कामयाब” का आयोजन किया गया। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी जा रही है। 29 नवंबर 2024 को पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में, अरुणा सिंह (उप पुलिस अधीक्षक, महिला सुरक्षा शाखा) और महिला थाना प्रभारी अंजना पाटिल ने अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं को महिला अधिकार, कानून, हेल्पलाइन नंबर (100, 1090, 1930, 1098) और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।

महिला थाना प्रभारी अंजना पाटिल ने कहा कि “हम होंगे कामयाब” अभियान के माध्यम से समाज में बेटा-बेटी के भेदभाव को समाप्त करने और समानता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, गुड टच-बैड टच, भ्रूण हत्या, लिंगानुपात, नशा मुक्ति, और महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं जैसे “परी भरोसा”, “आसरा”, और “सहारा” की जानकारी भी दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता सुनिश्चित करना है।



