निलंबित

जातिसूचक टिप्पणी और विवादित बयान पर कार्रवाई: एसडीओ श्रवण गुप्ता निलंबित

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ श्रवण कुमार गुप्ता को उनके विवादित बयानों और वायरल ऑडियो के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई नर्मदापुरम के संभागीय आयुक्त के निर्देश पर की गई। गुप्ता पर जातिसूचक टिप्पणी करने, अभद्र भाषा का उपयोग करने और अधिकारियों के खिलाफ अनुचित बयानबाजी का आरोप लगा था।

प्रदर्शन और ज्ञापन से बढ़ा मामला…. 

ग्राम पंचायत सुखरास के सरपंच और ग्रामीणों ने जयस संगठन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन किया था। सरपंच-सचिव संघ और ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए गुप्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान डिप्टी कलेक्टर शिवांगी बघेल, एसडीएम कुमार सानू देवरिया और थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एसडीओ गुप्ता की अशोभनीय भाषा और अभद्र व्यवहार ने सरपंच और ग्राम पंचायतों की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने गुप्ता के निलंबन और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

वायरल ऑडियो बना कार्रवाई का आधार

मामले की शुरुआत एसडीओ गुप्ता और सुखरास गांव के ग्रामीण अंकित चौधरी के बीच वायरल हुए दो ऑडियो क्लिप्स से हुई थी। पहले ऑडियो में गुप्ता ने सरपंच को लेकर कहा था, “तुम्हारे गांव का सरपंच कोई काम नहीं करता है। हाथों में चूड़ियां पहन ले।” इसके साथ ही उन्होंने सरपंच के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा देने की बात कही थी।

दूसरे ऑडियो में उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था, “तीन दिनों में मैं जनपद सीईओ को हटवा दूंगा। अधिकारी बनने के लिए एससीएसटी का सर्टिफिकेट तो ले लिया, लेकिन काम एक रुपए का भी नहीं करते।”

संभागीय आयुक्त ने लिया बड़ा निर्णय

वायरल ऑडियो और ज्ञापन के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर संभागीय आयुक्त ने गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button