
शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिला जेल में बंद मोहित गौर हत्याकांड के एक आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पूरे मामले में सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मृतक आरोपी राजेश मालाजपुर, जो जुलाई 2025 से हत्या के मामले में जेल में बंद था, की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन का कहना है कि तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। वहीं परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले से पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत जेल में ही हो गई थी, जिसे बाद में अस्पताल ले जाकर औपचारिकता पूरी की गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले पर जिला जेल के जेलर मनीष यादव का कहना है कि आरोपी की तबीयत बिगड़ते ही उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम पुलिस की मौजूदगी में किया गया है और वास्तविक स्थिति रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। मामले में कोई लापरवाही या संदेह सामने आता है तो जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच की बात कही जा रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।




