लापरवाही

गेहूं खरीदी में बड़ा खेल ! नियमों को ताक पर रख गोदाम के अंदर ही तुलाई, 1200 बोरी तक की अनियमितता आई सामने !

सुल्तानपुर केंद्र पर सहकारी समितियों की मनमानी, नीति उल्लंघन के आरोप

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। जिले के सुल्तानपुर गेहूं खरीदी केंद्र पर नियमों की खुली अवहेलना का मामला सामने आया है, जहां सहकारी समितियों द्वारा शासन की उपार्जन नीति को दरकिनार कर सीधे गोदाम के अंदर ही गेहूं की तुलाई किए जाने का आरोप लगा है। मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुल्तानपुर शाखा अंतर्गत गोदाम स्तरीय गेहूं खरीदी केंद्र पर सेवा सहकारी समिति मसंगांव और मर्यादित सेवा सहकारी समिति दिव्यांगकलां द्वारा उपार्जन नीति का उल्लंघन किया गया है। आरोप है कि मसंगांव समिति ने नियमों को दरकिनार करते हुए गोदाम के अंदर ही 46 बोरी गेहूं की तुलाई कर ली। वहीं, दिव्यांगकलां समिति एवं गोदाम संचालक अधिराज वेयरहाउस सिराली द्वारा भी करीब 1200 बोरी गेहूं की तुलाई सीधे गोदाम के अंदर की गई, जबकि नियमानुसार पहले परिसर के बाहर क्वालिटी चेक, फिर सर्वर अनुमति और उसके बाद ही तुलाई की प्रक्रिया निर्धारित है। लेकिन यहां पूरी प्रक्रिया को बायपास कर सीधे तुलाई कर दी गई, जो कि नीति का स्पष्ट उल्लंघन है। यह मनमानी प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल है। नियमों का उलंघन और किसानों के साथ संभावित अन्याय है तथा सरकारी सिस्टम की विश्वसनीयता पर असर और बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका है। प्रबंधक नरेंद्र मंडलोई ने जिला उपार्जन समिति के अध्यक्ष को लिखे पत्र में स्पष्ट रूप से इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button