चारखेड़ा स्कूल में ‘हब फॉर अपारमेंट वूमेन’ अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। बुधवार को हब फॉर अपारमेंट वूमेन के अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चारखेड़ा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी शासकीय योजनाओं, सुरक्षा सेवाओं और आत्मनिर्भरता से संबंधित जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर हरदा से केस वर्कर श्रीमती रीना बराह एवं केस वर्कर राजकुमारी तंवर ने छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं परामर्श सहायता, विधिक सहायता, आश्रय सहायता, चिकित्सा सहायता एवं पुलिस सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह एवं उसके दुष्परिणामों पर भी जागरूक किया गया। छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 तथा निशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 1500 के उपयोग और महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्था द्वारा उपलब्ध विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई, जिससे छात्राएं भविष्य में कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य माधुरी शर्मा एवं श्रीमती माया झावरे उपस्थित रहीं। साथ ही वन स्टॉप सेंटर हरदा का स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहा।



