अपराधी बोले पुलिस हमारी बाप है अपराध करना पाप है।

हरदा। शहर में दिनदहाड़े युवक के अपहरण और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात में शामिल आरोपियों को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर सख्त संदेश दिया। जिला अस्पताल से कोतवाली थाना तक तीनों आरोपियों को पुलिस ने पैदल जुलूस में घुमाया, जहां राहगीरों और आम जनता के सामने आरोपी हाथ जोड़े और नारे लगाते नजर आए पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है।
इस कार्रवाई को लेकर पूरे शहर में चर्चा बनी रही। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले की टीम ने घटना के मुख्य आरोपी युनूस उर्फ कडू, शाहरुख नागेश और बासित दा को गिरफ्तार कर सरेआम जुलूस निकाला। इससे पहले आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।गौरतलब है कि 29 जून को चौबे कॉलोनी निवासी मोहित गौर (26), जो एक इलेक्ट्रिक दुकान में कार्यरत है, को गुर्जर बोर्डिंग के पास से अगवा किया गया था। आरोपी युनूस और उसके साथियों ने मोहित से एक लाख रुपये की मांग की, और इनकार करने पर कार में डालकर पहले रहटगांव के जंगलों में ले गए, जहां उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से चार घंटे पीटा गया। बाद में शहर के खाली रेलवे क्वार्टर में भी उसकी पिटाई की गई। जब वह अचेत हो गया, तो उसे मरा समझकर वहीं छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर अपहरण, हत्या के प्रयास, मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



