अपराध

15 दिन बाद चैन झपटमारी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; पैसों की तंगी में चुना अपराध का रास्ता, हाथ लगी हथकड़ियां

महिला से सोने का पेंडल झपटने वाले आरोपी दबोचे गए, ₹80 हजार का मशरूका बरामद; इंदौर और देवास में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। शहर में बीते दिनों हुई चैन झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीओपी शालिनी परस्ते एवं कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं सोने का पेंडल सहित कुल लगभग ₹80 हजार का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को एक महिला अपने बच्चों के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। न्यू गुरुकृपा होटल के सामने मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन पर झपट्टा मारा। झपट्टे के दौरान चैन टूटकर नीचे गिर गई, जबकि चैन में लगा सोने का पेंडल आरोपियों के हाथ लग गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

फरियादिया की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 375/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हरदा सहित अन्य जिलों के करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए। जांच के दौरान आरोपियों के नसरुल्लागंज क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने अस्मित उर्फ आशु साहू (22) निवासी चकल्दी, हाल निवासी गुप्ता कॉलोनी भेरूंदा जिला सीहोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों नंदलाल उर्फ नंदू जास्वाल (21) एवं रोहित उर्फ रोहन बिजोरिया (20), दोनों निवासी ग्राम जानसुर जिला देवास के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों आरोपी हरदा शहर में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक महिला स्कूटी से जाती दिखाई दी, जिसके गले में सोने की चैन थी। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे रोहित ने महिला की चैन पर झपट्टा मारा। हालांकि पूरी चैन हाथ नहीं लगी और केवल सोने का पेंडल उनके हाथ आया। घटना के बाद दोनों आरोपी सीधे अस्मित के पास पहुंचे और पेंडल उसे सौंप दिया। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि अस्मित उर्फ आशु अपने साथियों को महिलाओं के गले से सोने की चैन एवं अन्य कीमती सामान झपटने के लिए उकसाता था। वह चोरी के माल को बेचने और ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी स्वयं लेता था। इतना ही नहीं, वारदात के लिए अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार उसी के कहने पर दोनों आरोपी हरदा आए थे।पुलिस ने आरोपी नंदलाल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अस्मित के कब्जे से सोने का पेंडल बरामद किया है। बरामद पेंडल की कीमत करीब ₹40 हजार तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग ₹40 हजार आंकी गई है। कुल बरामद मशरूका की कीमत लगभग ₹80 हजार है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी नंदलाल एवं रोहित के विरुद्ध पूर्व में इंदौर एवं देवास जिलों में झपटमारी सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।प्रकरण के सफल खुलासे में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक हरप्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक कुलदीप सिंह भदौरिया, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक बीरेंद्र राजपूत, महिला आरक्षक वैशाली परते तथा साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button