2 किलो 20 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। कोतवाली हरदा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ एक बजाज 110 सीसी मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को कोतवाली हरदा पुलिस टीम कस्बा क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा एवं मादक पदार्थों के संबंध में पतारसी और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान हरदा खुर्द रोड स्थित फोरलेन ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित दिखाई दिया। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए, बरामद हुआ। इसके अलावा बजाज 110 सीसी मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है, भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश पिता देवीलाल माली, उम्र 48 वर्ष, निवासी थाना छिपाबड़, जिला हरदा के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्रमांक 534/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इसमें उनि संतोष रघुवंशी, आरक्षक 75 प्रदीप मालवीय एवं आरक्षक 268 नीलेश पटेल, थाना कोतवाली हरदा की सराहनीय भूमिका रही।



