स्वतंत्रता दिवस पर एसएमएस बायोफ्यूल ने विद्यालयों को दी शैक्षणिक एवं खेल सामग्री

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
छिंदगाँव। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में छिंदगाँव स्थित एसएमएस बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आसपास के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, खेलकूद एवं मनोरंजन संबंधी सुविधाएं और सामग्री उपलब्ध कराई गई। कंपनी ने शासकीय हाई स्कूल छिंदगाँव, शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय छिंदगाँव, शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय रायबोर तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय पिपलिया कला में विद्यार्थियों के हित में विभिन्न सामग्री भेंट की।
विद्यालयों को म्यूजिक सिस्टम, तबला, इलेक्ट्रॉनिक कीबोर्ड एवं पियानो सहित विद्यार्थियों के बैठने के लिए प्रत्येक स्कूल में दो-दो आरसीसी बेंच प्रदान की गईं। शासकीय माध्यमिक विद्यालय छिंदगाँव में दस्तावेजों एवं सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्टील की अलमारी तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल हेतु आरओ वाटर प्यूरिफायर भी उपलब्ध कराया गया।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय छिंदगाँव, रायबोर एवं पिपलिया कला में छोटे बच्चों के बैठने के लिए कुर्सियां और टेबल दी गईं। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए खेल खिलौने तथा कुर्सी-मेज उपलब्ध कराई गईं। वहीं शासकीय हाई स्कूल छिंदगाँव में छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी पैड डिस्पेंसर मशीन लगाई गई। कंपनी ने मशीन में सेनेटरी पैड समाप्त होने के बाद नियमित रूप से उनकी पुनःपूर्ति सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।
ग्राम विकास के लिए आर्थिक सहयोग
ग्राम विकास एवं जनहितकारी कार्यों के लिए कंपनी की ओर से श्री राम जानकी मंदिर छिंदगाँव को 1 लाख 11 हजार रुपये, ग्राम पंचायत रायबोर को 1 लाख 11 हजार रुपये, छिंदगाँव को 3 लाख रुपये तथा पिपलिया कला को 1 लाख 11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा तीनों ग्राम पंचायतों में मनोरंजन एवं सार्वजनिक आयोजनों के उपयोग के लिए म्यूजिक सिस्टम भी उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर कंपनी के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, श्रीनिवास रेड्डी, कपिल देव, धर्मेंद्र सिंह, अमित मालवीय, विक्रम चौहान, सूरज रोतेल, ललित चौधरी, जय यादव, रसानंद ओझा एवं मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार सहित कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।



