महिला सशक्तिकरण पर संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित, महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और जागरूकता पर विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन” के अंतर्गत संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हरदा जिले के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास राजा रंगारे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों की उपस्थिति में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय सचिव चंद्रशेखर राठौर, विधिक सेवा प्राधिकरण अधिकारी सौरभ दुबे, वन स्टॉप सेंटर नर्मदापुरम की प्रशासक प्रतिभा वाजपेयी, वन स्टॉप सेंटर हरदा की प्रशासक सुचित्रा इक्का, परियोजना अधिकारी अनुराग दुबे तथा पुलिस विभाग से निरीक्षक तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और समाज में उनके सम्मान को सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से संबंधित कानूनों, सहायता सेवाओं, परामर्श व्यवस्था तथा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए सभी विभागों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शामिल शौर्य दल की टुकड़ी को उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, शौर्य दल के सदस्य और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।



