वंदे मातरम् के अपमान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने किया पलटवार

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर रविवार को भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कांग्रेस पर देश और राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, भाजपा के प्रदर्शन पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा से पहले अपने इतिहास और झंडे से जुड़े विवादों पर जवाब देने की बात कही। बिश्नोई ने आरोप लगाया कि भाजपा को देशभक्ति की बात करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौरान स्वतंत्रता दिवस पर हरदा में हुए ध्वजारोहण को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। बिश्नोई ने कहा कि प्रदर्शन करना और विरोध जताना सभी का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस कार्यालय रविवार को बंद रहता है और घेराव की सूचना प्रशासन को पहले से नहीं दी गई भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्यालय की ओर जाने से रोका। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर विरोध जताया। वंदे मातरम् और राष्ट्र सम्मान के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है।



