नल जल योजना फेल: राजा बरारी की महिलाओं ने जनसुनवाई में उठाई पानी की समस्या

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले के राजा बरारी बुद्धू डाना गांव में नल जल योजना पूरी तरह से विफल हो चुकी है। इस गांव में पानी की किल्लत इस कदर बढ़ गई कि सैकड़ों महिलाएं घड़े और बेड़े लेकर जनसुनवाई में पहुंचीं। उन्होंने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखते हुए बताया कि गांव में पानी नहीं मिल रहा, लेकिन पंचायत हर महीने पानी के नाम पर ₹100 वसूल रही है और इसकी बाकायदा रसीद भी दी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि हालात इतने खराब हैं कि उन्हें अपने खेत और घर छोड़कर जनसुनवाई में आना पड़ा। महिलाओं ने कहा कि वे रोजाना कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों की नाराजगी, जल्द समाधान की मांग
गांववासियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण वे भारी परेशानी झेल रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि जब पानी की सुविधा ही नहीं है, तो पंचायत द्वारा ₹100 की वसूली क्यों की जा रही है? ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसी बीच एसडीएम कुमार सानू देवड़िया ने कहा कि चार से पांच दिन के अंदर आपकी समस्या का समाधान करदिया जाएगा।
इनका कहना है:
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारी पवनसुत गुप्ता ने बताया कि राजा बरारी में नल जल योजना पिछले डेढ़ वर्षों से चालू थी और इसके माध्यम से ग्रामीणों को पर्याप्त पानी मिल रहा था। हालांकि, पिछले एक महीने से पानी की समस्या बनी हुई है, जिसका कारण मोटर पंप के नलकूप में जाम होना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मिलकर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालेंगे।



