गर्भवती महिला को झोली में डालकर पहुंचाया अस्पताल
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले के रहटगांव तहसील के वनग्राम मन्नासा से शासन-प्रशासन की हकीकत उजागर करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाने के लिए झूला बनाकर कंधों पर उठाया और कई किलोमीटर पैदल चलकर हाईवे तक लाए। वहां से किसी तरह वाहन की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल ले जाया गया। गांव के लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। नतीजतन, गांव में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार लोग आज भी कंधों पर ढोकर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाए जाते हैं।

तस्वीरों ने खोल दी पोल
यह तस्वीर प्रशासन की योजनाओं और दावों की पोल खोल रही है। एक ओर सरकार विज्ञापन और प्रचार में करोड़ों खर्च कर स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क संपर्क की बात करती है, वहीं हकीकत यह है कि वनग्रामों के हालात ज्यों के त्यों बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नेताओं और अधिकारियों के सामने कई बार समस्या रखी गई, लेकिन केवल आश्वासन मिला। सड़क और एंबुलेंस सुविधा नहीं होने से आए दिन लोग परेशान होते हैं।



