राजमार्गों से गौवंश को हटाने के निर्देश: सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम
राजस्व महा अभियान-2.0 की समीक्षा: मुख्य सचिव ने दी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा । प्रदेश की मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने बुधवार को आयोजित वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर्स को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर विचरण करने वाले गौवंश को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अनियंत्रित रूप से घूमने वाले पशुओं के कारण बार-बार होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि और पशुहानि होती है, जिसे रोकना अत्यावश्यक है। राणा ने कहा कि नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती कर मार्गों से पशुओं को हटाने की कार्यवाही शीघ्रता से की जाए। इस संदर्भ में उन्होंने पशुपालकों को जागरूक और प्रेरित करने के लिए समाजसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की मदद लेने पर भी जोर दिया।
वीडियो कांफ्रेंस में मुख्य सचिव ने “राजस्व महा अभियान-2.0” की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कलेक्टर्स से कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बटांकन और नक्शा तरमीम जैसी कार्यवाहियों में तेजी लाएं, ताकि अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित की जा रही गौशालाओं को शीघ्रता से पूरा किया जाए, ताकि सड़कों से हटाए गए गौवंश को वहां सुरक्षित रखा जा सके। राणा ने वर्षा के मौसम में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत त्वरित राहत प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेशन कार्य की भी समीक्षा की और इसमें तेजी लाने पर बल दिया। इस वीडियो कांफ्रेंस के दौरान, कलेक्टर आदित्य सिंह, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


