ऑनलाइन गिरफ्तारी के नाम पर ठगी से बचाव: हरदा यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान…!

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जहां स्कैमर्स नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। इन अपराधियों ने अब नकली पुलिस अधिकारी बनकर वॉयस कॉल या वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को डराने और ठगने का नया तरीका अपनाया है।
इन कॉल्स में, स्कैमर्स पीड़ितों को बताते हैं कि उनका नाम किसी अनजान पार्सल, नारकोटिक्स या किसी अन्य आपराधिक मामले से जुड़ा है। इसके साथ ही, वे दावा करते हैं कि पीड़ित का आधार कार्ड या बैंक अकाउंट आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद, ऑनलाइन गिरफ्तारी और घंटों पूछताछ की धमकी देकर, मामले को सुलझाने के बहाने पैसों की मांग की जाती है और पीड़ित से पैसे ट्रांसफर करा लिए जाते हैं। इस तरह के ऑनलाइन फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए, पुलिस मुख्यालय के आदेश पर हरदा जिला पुलिस बल ने पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे के निर्देशन में एक जागरूकता अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत, छिपानेर चौक, बायपास चौराहा, और तिवारी कोचिंग चौराहा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर फ्रोड ऑनलाइन गिरफ्तारी से संबंधित बैनर, फ्लेक्स, और होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके अलावा, सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को इस प्रकार के धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।पुलिस का यह प्रयास है कि लोग सतर्क रहें और ऐसे फ्रोड कॉल्स के झांसे में न आएं, जिससे कि ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



