गोपीकृष्ण कॉलोनी मामला: नगर पालिका और कॉलोनाइज़र के बीच पीस रहे कॉलोनी वासी
पानी की समस्या लेकर पहुंचे जनसुनवाई कॉलोनी वासी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। गोपीकृष्ण कॉलोनी, वार्ड नं 32 के निवासियों ने जनसुनवाई में कलेक्टर से कॉलोनाइज़र के खिलाफ शिकायत की। निवासियों का कहना है कि कॉलोनाइज़र द्वारा कॉलोनी में पानी के लिए टंकी बनाई गई है, मगर उसमें पानी नहीं होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनाइज़र ने अब तक कॉलोनी को नगर पालिका को हैंडोवर नहीं किया है, जिससे बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

पेय जल की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं कॉलोनीवासी
कॉलोनी के निवासी पिछले 3-4 वर्षों से पेय जल की समस्या से जूझ रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार जनसुनवाई, नगरपालिका, और कॉलोनाइज़र को समय-समय पर अवगत कराया, लेकिन आज तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। वर्तमान में कॉलोनी स्थित सभी बोर (नलकूप) सूख चुके हैं।
नर्मदा जल लाइन से जोड़ने की मांग
निवासियों का कहना है कि उनकी कॉलोनी के समीप स्थित सोनी कॉलोनियों में नगरपालिका द्वारा नर्मदा पेय जल की आपूर्ति की जा रही है, जो उनकी कॉलोनी से केवल 500 से 700 मीटर की दूरी पर है। अतः निवासियों ने पुनः निवेदन किया है कि उनकी कॉलोनी को समीपवर्ती नर्मदा जल लाइन से जोड़कर उनकी समस्या का समाधान किया जाए। कलेक्टर ने निवासियों को आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे को प्राथमिकता से देखा जाएगा और जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।



