डेढ़ साल से चल रहा था अफेयर, खेत मालिक ने मजदूर की डंडों से पीट-पीटकर की हत्या

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
सिराली। दीपावली के दिन हुई एक अंधी हत्या की गुत्थी को सिराली पुलिस ने महज़ 48 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खिरकीया राबर्ट गिरवाल के नेतृत्व में कार्य करते हुए थाना सिराली पुलिस टीम ने आरोपी रामदीन मालवीय (उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम लालमाटी) को गिरफ्तार किया। दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को फरियादिया जुगराई बाई ने थाना सिराली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति सुखलाल कलमे (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम इमलीढाना, हाल ग्राम लालमाटी में खेत मालिक रामदीन मालवीय के यहाँ मजदूरी करता था। दीपावली के दिन सुबह 6 बजे वह गाय-भैंस चराने गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। जब खेत मालिक रामदीन अपने बेटों गोविंद और गजानन के साथ सुखलाल की तलाश में निकला, तो ग्राम लालमाटी के पास एक खेत में सुखलाल की लाश पाई गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और देखा कि मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सिराली थाना पुलिस ने मामला अपराध क्रमांक 300/25, धारा 103 (1) बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ और मुखबिर सूचना एकत्र की। जांच में सामने आया कि घटना के दिन सुखलाल के साथ उसका खेत मालिक रामदीन भी गाय-भैंस चराने गया था, जो कुछ घंटे बाद अकेला लौटा। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी रामदीन से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी से अवैध संबंध था। मृतक सुखलाल इस बात से नाराज होकर अपनी पत्नी को लेकर काम छोड़ने और अपनी मजदूरी के ₹50,000 मांगने की बात कर रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर खेत में लाठी से वार कर सुखलाल की हत्या कर दी। आरोपी रामदीन मालवीय की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली। इसमे थाना प्रभारी उनि सीताराम पटेल, उनि हेमंत पांडेय, सउनि कमल किशोर मांझी, संजय शर्मा, प्र.आर. तुषार धनगर, गजेन्द्र यादव, आरक्षक सुनील ईवने, मनमोहन यादव, उमेश पंवार, अनूप उईके, रवि तिवारी, गेंदालाल, अर्जुन तथा सायबर सेल टीम की भूमिका सराहनीय रही।



