रात में सोते दंपति पर आवारा कुत्ते ने किया हमला, दोनों गंभीर रूप से घायल
ग्राम जीजगांव खुर्द की घटना, ग्रामीणों में फैली दहशत, बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले के ग्राम जीजगांव खुर्द में शनिवार रात्रि लगभग 3 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर सो रहे दंपति पर हमला कर दिया। इस हमले में बालवीर नेहाल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदा लाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि देर रात दंपति अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इस दौरान गेट खुले होने से एक आवारा कुत्ता घर के अंदर घुस आया और अचानक उन पर टूट पड़ा। कुत्ते के हमले से दंपति बुरी तरह चीखने लगे, जिसके बाद पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और लकड़ी-डंडों से कुत्ते को मारकर भगाया। इस घटना से पूरे गांव में आवारा कुत्तों के आतंक का भय फैल गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव में कई पागल कुत्ते घूम रहे हैं, जो राहगीरों और बच्चों को दौड़ाते हैं। लोगों ने प्रशासन से इन कुत्तों को पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ध्यान नहीं देता, तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।



