क्राइम

छीपाबड़ पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा, महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध संबंधों के विवाद में की गई थी हत्या

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा खिरकिया। थाना छीपाबड़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 20 सितंबर को सामने आई थी, जब ग्राम खिरकिया-कुड़ावा रोड पर नाले के पास झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मोरसिंह पिता मनोहरसिंह सिसोदिया (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम गरबड़ी, थाना किल्लोद जिला खंडवा के रूप में हुई।

अवैध संबंध बने मौत की वजह

जांच के दौरान मृतक के भाई ने संदेह जताया कि गांव की एक महिला से उसके अवैध संबंध थे। पुलिस ने महिला और उसके पति से पूछताछ की तो सामने आया कि मृतक मोरसिंह उनके घर में घुसकर महिला को परेशान करता था। समझाइश देने के बावजूद उसकी हरकतें जारी रहने पर महिला, उसके पति मायाराम और रिश्तेदार ध्यानसिंह व शेरू उर्फ शेरसिंह ने हत्या की योजना बनाई। 18 सितंबर की रात महिला ने मृतक को भाग चलने के बहाने अपने साथ बुलाया और खिरकिया स्थित रिश्तेदार के घर ले गई। वहीं तीनों आरोपी पहले से मौजूद थे। उन्होंने मोरसिंह के हाथ-पैर और मुंह बांधकर मोटरसाइकिल से कुड़ावा रोड पर नाले के पास ले जाकर दरांती से गर्दन और गुप्तांग पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव झाड़ियों में फेंक दिया और मोटरसाइकिल को पटाजन नदी में डुबो दिया।पुलिस ने मामले की तफ्तीश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। टीमवर्क के चलते महज 48 घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए आरोपी के नाम

1. मायाराम पिता मुरारसिंह राजपूत (50) निवासी ग्राम गरबड़ी, थाना किल्लोद, जिला खंडवा

2. ध्यानसिंह पिता अजबसिंह राजपूत (45) निवासी ग्राम अर्चना, थाना शिवपुर, जिला नर्मदापुरम

3. शेरू उर्फ शेरसिंह पिता पर्वतसिंह राजपूत (45) निवासी ग्राम रिछी, थाना शिवपुर, जिला नर्मदापुरम

4. मृतक से जुड़े महिला पात्र का नाम भी पुलिस ने दर्ज किया है। इस खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान, उपनिरीक्षक कमलसिंह ठाकुर, संतोष श्रीवास्तव, सउनि के.के. दीक्षित सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button