अतिक्रमण

दीनदयाल लाइब्रेरी के पास अवैध निर्माण हटाने की मांग, तीन साल से कार्रवाई का इंतजार

जनसुनवाई में शिकायत, नेशनल हाईवे के समीप अवैध निर्माण से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। दीनदयाल लाइब्रेरी के पास बने अवैध निर्माण को हटाने के संबंध में मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत दर्ज की गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह अवैध निर्माण 2021 से नगर पालिका की जानकारी में है, परंतु आज तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नगर पालिका ने धारा 223 और 187 के तहत 28 सितंबर 2021 को नोटिस जारी किया था (पत्र क्रमांक 4045), लेकिन शिकायतकर्ताओं के अनुसार, अब तक इसे हटाने के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह अवैध दुकान नेशनल हाईवे के समीप है, जिससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि तीन वर्षों से लगातार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जब नगर पालिका द्वारा शहर में ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान चलाया जा रहा है, तो इस अवैध निर्माण को लेकर उदासीनता क्यों है?

अवैध निर्माण से सुरक्षा खतरे में: शिकायत में कहा गया है कि हाईवे के पास स्थित इस अवैध निर्माण के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा रहता है। लाइब्रेरी के पास होने के कारण यहां लोगों का आवागमन भी अधिक रहता है। नागरिकों का कहना है कि यदि इस निर्माण को शीघ्र नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। शिकायतकर्ताओं ने नगर पालिका की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एक ओर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन दूसरी ओर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई न करना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। लोगों का मानना है कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की निष्क्रियता उजागर होती है।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button