हजारों शिवभक्तों के साथ विधायक दोगने ने निकाली कांवड़ यात्रा

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। श्रावण माह के तीसरे सोमवार को हरदा में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लगातार आठवें वर्ष डॉ. आर.के. दोगने मित्र मंडल के तत्वावधान में ‘हर-हर महादेव कांवड़ यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालु कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘बोल बम नर्मदे हर’ के जयघोष गूंजते रहे।
मां नर्मदा की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
कांवड़ यात्रा के लिए विधायक डॉ. दोगने सुबह करीब 8 बजे हंडिया पहुंचे। यहां उन्होंने मां नर्मदा में स्नान कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद रिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का पूजन एवं अभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल धारण कर हरदा के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए यात्रा शुरू की गई। यात्रा शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते गए। युवा, बुजुर्ग और मातृशक्ति सहित विभिन्न आयु वर्ग के शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ कांवड़ लेकर आगे बढ़े।
जगह-जगह हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत
कांवड़ यात्रा के मार्ग में जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और पुष्पमालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर सेवा स्टॉल लगाकर कांवड़ यात्रियों के लिए स्वल्पाहार और अन्य व्यवस्थाएं की गईं। डीजे और बैंड-बाजों की भक्तिमय धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। शाम करीब 3 बजे कांवड़ यात्रा हरदा शहर पहुंची। शहर के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। भगवान शिव के भजनों और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
गुप्तेश्वर महादेव का नर्मदा जल से अभिषेक
शाम को कांवड़ यात्रा गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने सहित श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान गुप्तेश्वर महादेव का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि श्रावण माह भगवान भोलेनाथ की आराधना और आस्था का पवित्र पर्व है। मां नर्मदा का जल कांवड़ में लेकर भगवान महादेव का जलाभिषेक करना उनके लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, कांग्रेसजनों, आयोजकों, व्यापारी वर्ग, पत्रकारों और मार्ग में स्वागत करने वाले क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
आठ वर्षों से जारी है कांवड़ यात्रा
डॉ. दोगने ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा लगातार आठ वर्षों से आमजन के साथ मिलकर निकाली जा रही है। यात्रा का उद्देश्य हरदा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देते हुए संपन्न हुई।



