राजनीति

हरदा में आरोप: पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैल गया; 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान

भाजपा सरकार की नीतियों का हर परिवार शिकार: पटवारी

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार देर शाम हरदा पहुंचे, जहां उन्होंने किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश पटेल गोयल की नर्मदा परिक्रमा के बाद आयोजित भंडारे में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में पटवारी ने मध्य प्रदेश की मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैल चुका है। उनके अनुसार ऐसा कोई परिवार नहीं बचा है जो भाजपा सरकार की नीतियों का शिकार न हुआ हो।

पटवारी ने गेहूं खरीदी में देरी को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर खरीदी देर से शुरू कर रही है, ताकि मजबूर किसान अपना गेहूं खुले बाजार में कम दामों पर बेचने को विवश हों। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश में खरीदी के लिए जहां 10 करोड़ बारदानों की आवश्यकता थी, वहीं सरकार ने मात्र ढाई करोड़ बारदानों की व्यवस्था कर किसानों के साथ ‘अपराध’ किया है।

उन्होंने घोषणा की कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस 9 अप्रैल को प्रदेशभर में कलेक्ट्रेट घेराव करेगी। उनका कहना था कि सरकार की किसान-विरोधी नीतियों को जनता के सामने लाना कांग्रेस का दायित्व है और इसी के माध्यम से भाजपा सरकार के ‘असली चेहरे’ को उजागर किया जाएगा। इसके बाद देर रात गोयत पहुंचने के बाद जीतू पटवारी ने नर्मदा परिक्रमा कर रहे राजेश पटेल से मुलाकात की और परिक्रमा पूर्ण होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा वासियों से आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, टिमरनी विधायक अभिजीत शाह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन बिश्नोई, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल, लक्ष्मी नारायण पवार, हेमंत टाले, गोविंद व्यास, राहुल जायसवाल, अहद खान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button