हरदा में बाइक चोरी का खुलासा, दो एचएफ डीलक्स बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹50 हजार बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को राजधानी कॉलोनी निवासी जय बामने ने अपनी मोटरसाइकिल (MP47MK2081) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 28 जुलाई को बेलदार मोहल्ला निवासी रवि चौहान ने भी अपनी मोटरसाइकिल (MP47MK0435) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शहर के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राजू (42) निवासी बेलदार मोहल्ला, खेड़ीपुरा हरदा (मूल निवासी चांदाग्रहण, थाना भैरूंदा, जिला सीहोर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी, प्रधान आरक्षक विजय प्रजापति, अनिल मर्सकोले, आरक्षक वीरेन्द्र, सचिन चौधरी और सूरज पासी की विशेष भूमिका रही।



