24 घंटे में नकबजनी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹90 हजार का माल बरामद

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। कोतवाली हरदा पुलिस ने नकबजनी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल, पावर बैंक और लैपटॉप सहित करीब 90 हजार रुपए का माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को फरियादी संदीप गोस्वामी पिता शिवराजगिरी गोस्वामी, निवासी ग्राम भुनास हाल गली नंबर-1 गुर्जर बोर्डिंग हरदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि पड़ोस के दुकानदार मुन्ना भैया ने फोन कर दुकान का शटर नीचे से टूटा होने की सूचना दी। दुकान पर पहुंचकर देखा तो शटर बीच से टेढ़ा था। अंदर जाकर सामान की जांच करने पर ओप्पो कंपनी का मोबाइल, मोटरोला मोबाइल, दो पावर बैंक और पुराना एचपी कंपनी का लैपटॉप गायब मिले।
फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 517/26, धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली आर.एल. भारती ने टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने रवि पिता करण सिंह यादव (32 वर्ष), निवासी राधा गोविंद का बगीचा, थाना रावजी बाजार, इंदौर तथा विनय पिता अनिल यादव (22 वर्ष), निवासी अन्नापूरा, हरदा को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए दोनों मोबाइल, दो पावर बैंक और एचपी कंपनी का पुराना लैपटॉप बरामद किया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है।इसमें थाना प्रभारी कोतवाली आर.एल. भारती, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सूरमा, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक रामनरेश एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।



