हरदा में अजाक्स संघ चुनाव: सुनील चौरे बने नए जिलाध्यक्ष, सीमा निराला को 7 वोटों से हराया वन विभाग के लिपिक को मिला कर्मचारियों का समर्थन, लगातार बारिश में भी दिखा मतदान उत्साह

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले में रविवार को अखिल भारतीय अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ (अजाक्स) के जिला अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वन विभाग के लिपिक सुनील चौरे ने रोमांचक मुकाबले में पूर्व अध्यक्ष सीमा निराला को 7 मतों से पराजित कर विजय हासिल की। चुनाव त्रिकोणीय रहा, जिसमें तीसरे प्रत्याशी के रूप में शिक्षक देवी दयाल सिंगोरे मैदान में थे।निर्वाचन अधिकारी पूनमचंद दांदरे ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। कुल 753 मतदाताओं में से 343 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। लगातार बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। प्राप्त मतों में सुनील चौरे को 166, सीमा निराला को 159 और देवी दयाल सिंगोरे को 10 वोट मिले, जबकि 8 मत अमान्य घोषित किए गए। इस प्रकार सुनील चौरे 7 मतों से विजयी घोषित हुए। विजयी उम्मीदवार चौरे ने बताया कि उन्हें प्रत्याशी देवी दयाल सिंगोरे का समर्थन मिला था, जिससे जीत सुनिश्चित हुई।
कर्मचारियों के हित में कार्य करूंगा: चौरे
चुनाव में जीत के बाद सुनील चौरे ने कहा कि साथियों ने जो विश्वास जताया है, वह उसे कायम रखेंगे। संगठन को सशक्त बनाकर कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए हर पीड़ित की मदद करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।चुनाव में हार के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष सीमा निराला ने कहा कि उन्हें जीत की उम्मीद थी, लेकिन दो प्रत्याशियों के एकजुट होने से परिणाम प्रभावित हुआ। उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार जताया।



