13 माह में एक ही दुकान पर दो चोरी, दोनों में पुलिस खाली हाथ; नगद और DVR भी उड़ा ले गए चोर, पुलिस पर उठे सवाल

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। सिविल लाइन थाना से महज़ 100 मीटर की दूरी पर स्थित किराना दुकान मां नर्मदा कनफेक्शनरी में दूसरी बार चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार आयुष बजाज की दुकान में 13 माह के भीतर दोबारा चोरी हो गई, लेकिन पहली घटना से लेकर अब तक किसी भी मामले में पुलिस चोरों का सुराग तक नहीं लगा पाई है। इस बार चोर देर रात शटर उचकाकर दुकान में घुसे और गल्ले में रखी चिल्लर व नकदी सहित लगभग 35 से 40 हजार रुपए चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि दुकानदार के मुताबिक नुकसान 35-40 हजार के आसपास है, लेकिन पुलिस ने बयान में मात्र 20 हजार रुपए ही दर्ज किए। इससे पहले वाली चोरी में भी पुलिस ने ‘कुंभ राशि’ लिखकर मामला दर्ज किया था, जिस पर दुकानदार ने नाराज़गी जताई है। चोरों की चालाकी का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि वे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की वायरिंग काटकर डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि पुलिस को सुराग न मिल सके। शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर गए आयुष बजाज ने बताया कि शनिवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो एक ओर की शटर आधी उचकी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो गल्ले से नकदी और सिक्के गायब थे। जांच में सीसीटीवी सिस्टम पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। आयुष बजाज ने बताया कि जनवरी 2025 में भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक किसी भी मामले में न तो आरोपियों को पकड़ सकी और न ही चोरी का माल बरामद कर सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने से कुछ ही दूरी पर लगातार दो बार चोरी होना और पुलिस का आज तक चोरों तक न पहुँचना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। दुकानदारों में भी पुलिस की सुरक्षा पर गहरी नाराज़गी है।
इनका कहना है
सिविल लाइन टीआई आर.एस. तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



