राजनीति

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी का हरदा में बड़ा हमला – गड्ढे भरने के नाम पर 21 करोड़ का घोटाला, हरदा को भाजपा ने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया।

कांग्रेस कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी पर बोलीं: अब मैं हूं, महिलाएं दिखेंगी

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। शुक्रवार को हरदा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया ने कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार और हरदा प्रशासन पर बड़े आरोप लगाए। बोरासी ने कहा कि हरदा–आशापुर हाईवे की मरम्मत में की जा रही भारी-भरकम राशि की मंजूरी सीधे तौर पर “करोड़ों के घोटाले” का संकेत है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस मार्ग के गड्ढे भरने में 9 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि अब दोबारा उसी मार्ग पर गड्ढे भरने के लिए 12 करोड़ रुपये की नई योजना बनाई गई है। “सिर्फ गड्ढे भरने में 21 करोड़ रुपये खर्च कर देना, यह भाजपा नेताओं के ‘जब भरो अभियान’ का हिस्सा है। अगर इतनी ही राशि खर्च करनी थी तो पूरा मार्ग ही नया बना देते,” बोरासी ने कहा। उन्होंने मांग की कि इस मार्ग पर हुए अब तक के खर्च की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा नए खर्च पर तत्काल रोक लगाई जाए।

हरदा को भाजपा ने भ्रष्टाचार का हब बना दिया

रीना बोरासी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने हाल ही में मंत्री इंदर सिंह परमार के अबगांव खुर्द के आदर्श महाविद्यालय निरीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि 8 करोड़ की लागत से बने भवन में टाइल्स हाथ से निकल रही थीं, लेकिन मंत्री ने कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ नाराजगी दिखाकर मामले को टाल दिया।

मक्का किसानों के लिए भावांतर मुआवजे की मांग

बोरासी ने कहा कि हरदा क्षेत्र के करीब 60,000 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का होती है, लेकिन इस बार किसानों को उचित मूल्य नहीं मिला। “मक्का सामान्य रूप से 1000 रुपये प्रति क्विंटल और सूखी मक्का 1700 रुपये में बिकी। किसानों को प्रति क्विंटल 800 रुपये का नुकसान हुआ है। सरकार भावांतर योजना के तहत किसानों की भरपाई करे।

ठेला-व्यापारियों को पुनर्वास की मांग

नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे ठेला लगाने वालों पर की गई कार्रवाई को उन्होंने गरीबों पर अत्याचार करार दिया। बोरासी ने कहा कि उनके पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।

भारत–अमेरिका ट्रेड डील पर सवाल किसानों के लिए नुकसानदायक

उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील किसानों के लिए खतरनाक है। सरकार शर्तें बताने को तैयार नहीं है। यह देश के बाजार को अमेरिका के सामने संकट में डालने वाली स्थिति है।

कांग्रेस कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी पर बोलीं: अब मैं हूं, महिलाएं दिखेंगी

जब उनसे सवाल पूछा गया कि भाजपा के कार्यक्रमों में महिलाओं की संख्या अधिक दिखती है, जबकि कांग्रेस कार्यक्रमों में महिलाएं कम दिखती हैं, तो बोरासी ने कहा अब मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, आप अगले दौरे में देखेंगे कि हरदा में महिलाएं बड़ी संख्या में दिखेंगी। भाजपा सरकार है, वह आशा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाती है। हमारी पार्टी में महिलाएं स्वतंत्र हैं, हम किसी पर दबाव नहीं बनाते। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पवार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत टाले, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, पार्षद सुप्रिया पटेल, सेवादल यंग ब्रिगेड अध्यक्ष गज्जू तिवारी, पार्षद हीरा घूरे सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button