जिले के विभिन्न गांवों में जल जीवन मिशन के कार्यों का लिया जायजा, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

- शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने शुक्रवार सुबह जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया के साथ आधा दर्जन ग्रामों का दौरा कर जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता और एसडीएम कुमार शानू देवडिया भी मौजूद थे। कलेक्टर ने ग्राम कोलवा, देवास, बैसवा, खरदाना, उवा और खेड़ा का दौरा किया। ग्राम कोलवा में उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल उपलब्धता और अन्य समस्याओं पर चर्चा की और पंचायत सचिव को स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिया और नाली की समस्याओं को हल करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। ग्राम देवास और बेसवा में पेयजल योजनाओं की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर, कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी आदित्य कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्टेड करने का आदेश दिया। उन्होंने गांवों में पानी की टंकी निर्माण पूरा होने तक ट्यूबवेल से पाइपलाइन द्वारा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम खरदाना में पेयजल योजना चालू है और पानी की टंकी बन गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि हर परिवार और मोहल्ले तक जल जीवन मिशन की पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचे। ग्राम उवां में पानी की टंकी के लिए पहाड़ी पर स्थान प्रस्तावित है, और कलेक्टर ने वन विभाग को जमीन आवंटन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्राम खेड़ा में अधूरी पेयजल योजना को 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए और ग्रामीणों की अतिक्रमण की शिकायत पर परंपरागत रास्ते को फिर से चालू करने के आदेश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन पेयजल योजनाओं में 75% से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें 15 जून तक हर हाल में पूरा कर पेयजल प्रदाय शुरू किया जाए।



