सड़क किनारे युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। सिराली थाना क्षेत्र के मकड़ाई ग्राम पंचायत के दुगालिया इलाके में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मकड़ाई निवासी सेहबाज़ खान पिता शाहिद खान उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही सिराली थाना प्रभारी निकिता विल्सन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए शव को खिरकिया अस्पताल भेज दिया।
रातभर घर नहीं लौटा, सुबह मिला शव
परिजनों ने बताया कि मृतक रातभर घर नहीं लौटा, जिससे चिंतित होकर उसका भाई सुबह उसे ढूंढने निकला। खोजबीन के दौरान मकड़ाई के पास युवक का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला।
हत्या या दुर्घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि यह हत्या का मामला है, लेकिन पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सिराली पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। सिराली थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



