प्रदर्शन

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का हंगामा, कलेक्टर कार्यालय का घेराव, गेट फांदकर अंदर घुसे विधायक और कार्यकर्ता, कलेक्टर चेंबर के सामने बैठकर दिया धरना

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। दो घंटे तक कलेक्टर के बाहर आने का इंतजार करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता, दोनों विधायक अभिजीत शाह और डॉ. रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय के मेन गेट को पार कर परिसर में घुस गए। अंदर पहुंचकर कलेक्टर के चेंबर के सामने बैठकर धरना दिया और “रघुपति राघव राजाराम” भजन गाकर विरोध जताया।

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को ज्ञापन देते हुए विधायक

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को भावांतर योजना की राशि, फसल नुकसान का मुआवजा और खाद की उपलब्धता नहीं मिल रही है। जिला प्रशासन किसानों की आवाज नहीं सुन रहा है। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, बावजूद इसके पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने में नाकाम रही। कोतवाली थाना प्रभारी रोशन लाल भारती की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ता गेट बंद होने के बावजूद अंदर घुसकर सीधे कलेक्टर के चेंबर तक पहुंच गए। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद भीड़ को नहीं रोक पाना पुलिस की बड़ी लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।

कलेक्टर कार्यालय का गेट के ऊपर से निकलते हुए विधायक शाह और कार्यकर्ता

कांग्रेस के प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि “कलेक्टर भाजपा की दलाली कर रहे हैं। उनके पास इतना समय नहीं है कि किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस के ज्ञापन को सुन लें। प्रशासन को पहले ही जानकारी दे दी गई थी, फिर भी न तो कलेक्टर बाहर आए और न ही किसी अधिकारी ने संवाद किया। मजबूरन हमें अंदर घुसकर धरना देना पड़ा। धरना प्रदर्शन के दौरान दोनों विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और किसान मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

कलेक्टर गेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button