मीटिंग

नगर पालिकापरिषद की बैठक में जलकर वृद्धि का फैसला बहुमत से पारित प्रस्ताव – घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने लगेंगे ₹200, कमर्शियल के लिए ₹500

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। शुक्रवार को नगर  पालिका परिषद की साधारण बैठक में जलकर वृद्धि सहित कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। भाजपा पार्षदों के बहुमत से नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया ने जलकर में वृद्धि का प्रस्ताव पास कराया। अब घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 200 रुपए और कमर्शियल प्रतिष्ठानों को 500 रुपए जलकर देना होगा। बैठक में कुल 30 एजेंडों पर चर्चा हुई। कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गए, लेकिन जलकर वृद्धि पर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस की आपत्ति शुद्ध जल नहीं, फिर क्यों बढ़ाया जलकर?

कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल ही नहीं मिल रहा है। जगह-जगह जलापूर्ति लाइनें फूटी हुई हैं, जिससे पानी गंदा होकर घरों तक पहुंचता है। उपभोक्ताओं से दो समय की आपूर्ति का शुल्क लिया जा रहा है, जबकि वास्तव में पानी केवल एक बार मिलता है। ऐसे हालात में जलकर बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है।

बहस के बाद पास हुआ प्रस्ताव

नगर पालिका अध्यक्ष ने बैठक में पहले 300 रुपए प्रतिमाह जलकर का प्रस्ताव रखा था। इस पर कांग्रेस पार्षद अहद खान ने तीखी आपत्ति जताते हुए कहा अगर 300 रुपए वसूले गए तो यह 400 फीसदी की वृद्धि होगी। जनता पहले से परेशान है, ऐसे में लोग वार्ड में पार्षदों को घुसने भी नहीं देंगे। लंबी बहस के बाद प्रस्ताव को संशोधित करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 रुपए और कमर्शियल के लिए 500 रुपए पर सहमति बन गई और यह बहुमत से पारित हो गया।

10 करोड़ की लागत से नया बस स्टैंड बनेगा

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हरदा में नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसकी लागत करीब 10 करोड़ रुपए तय की गई है। इस पर अगली बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी। परिषद ने इसके लिए एक अलग समिति बनाने का भी फैसला लिया, जो बस स्टैंड की दुकानों और निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर विचार करेगी।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button