विधायक प्रतिनिधि ने परिवहन विभाग की अनियमितताओं पर उठाए सवाल, जिला परिवहन अधिकारी से मांगी विस्तृत जानकारी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। विधायक प्रतिनिधि संजय जैन और परिवहन विभाग के विधायक प्रतिनिधि रामपाल सिंह राजपूत ने परिवहन विभाग में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर जिला परिवहन अधिकारी को पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने विभाग में हो रही अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए और नियमानुसार कार्यवाही की जानकारी मांगी है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि आर.टी.ओ. कार्यालय में वाहन ट्रांसफर के संबंध में कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। नियमानुसार, वाहन ट्रांसफर के लिए क्रेता-विक्रेता को आधार कार्ड के साथ वाहन सहित उपस्थित होना अनिवार्य है, और उनका फोटो आवेदन के साथ संलग्न किया जाना चाहिए। विधायक प्रतिनिधि ने सवाल उठाया है कि क्या यह प्रक्रिया सही ढंग से पालन की जा रही है या नहीं।
इसके अलावा, उन्होंने यह भी जानकारी मांगी है कि क्या वाहन स्वामी और विक्रेता स्वयं आर.टी.ओ. कार्यालय में उपस्थित होते हैं या एजेंटों के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने यह भी पूछा है कि बैंक द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टर और फोर व्हीलर वाहनों के ट्रांसफर संबंधी कार्यवाही कैसे हो रही है और पिछले एक साल में कितने वाहनों का ट्रांसफर किया गया है। डेथ केस के संदर्भ में भी, उन्होंने जानकारी मांगी है कि पति की मृत्यु के बाद कितने वाहनों का ट्रांसफर पत्नी के नाम पर किया गया है। इसके साथ ही, उन्होंने पूछा है कि स्कूल बसों की चेकिंग के दौरान एफ.डी.ए.एस. यंत्र लगाने के आदेश का पालन किया गया है या नहीं, और यदि नहीं किया गया है तो इसके पीछे क्या कारण हैं। विधायक प्रतिनिधियों ने जिला परिवहन अधिकारी से इन सभी मुद्दों पर विस्तृत जानकारी साझा करने की मांग की है, ताकि विभाग में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।



