सर्व पितृमोक्ष अमावस्या पर हंडिया में लाखों श्रद्धालुओं ने किया नर्मदा स्नान, यातायात व्यवस्था रही सुचारू

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। हंडिया: – सर्व पितृमोक्ष अमावस्या के अवसर पर धार्मिक नगरी हंडिया में लाखों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर स्नान कर अपने पितरों को श्रद्धापूर्वक विदाई दी। रिध्दनाथ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं ने तर्पण और पिंडदान जैसे कर्मकांड संपन्न किए। स्नान और कर्मकांड का सिलसिला सुबह से देर शाम तक जारी रहा, जिससे घाटों पर भारी भीड़ देखने को मिली। श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिन, मंगलवार से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो बुधवार को भी जारी रहा। दोपहर तक धार्मिक नगरी में इतनी भीड़ हो गई कि घाटों और शहर के विभिन्न मार्गों पर अत्यधिक यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना थी। लेकिन यातायात प्रभारी संदीप सुनेर ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।

यातायात व्यवस्था रही अनुशासित, श्रद्धालुओं को नहीं हुई कोई असुविधा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद, यातायात व्यवस्था बिल्कुल व्यवस्थित और अनुशासित रही। यातायात प्रभारी संदीप सुनेर ने खुद यातायात व्यवस्था की निगरानी की और अपने अमले के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी श्रद्धालु को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। सभी प्रमुख मार्गों पर भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के घाटों तक पहुंच सके।



