नर्मदापुरम रोड पर पीडब्ल्यूडी की अनियमितता: काली मिट्टी के ऊपर मुरूम से ढका गया सोल्डर

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा-। वार्ड नंबर 28 पीलिया खाल से नर्मदा पुरम रोड तक बनाई गई सड़क पर अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए इस सड़क के सोल्डर में मुरूम की जगह काली मिट्टी डाली गई, जो कि नियमों के खिलाफ है। शिकायतों के बाद पीडब्ल्यूडी ने काली मिट्टी को मुरूम से ढकने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि, नागरिकों का कहना है कि ऊपर मुरूम डालने से नीचे की काली मिट्टी की समस्या का समाधान नहीं होगा। इससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े होते हैं। स्थानीय निवासी इस अनियमितता पर जवाबदारी तय करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया है।
नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण में इस तरह की लापरवाही से न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में प्रशासन से उचित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके और नागरिकों को अच्छी गुणवत्ता वाली सड़कें मिल सकें।



