भ्रष्टाचार

4 करोड़ 45 लाख की सड़क पहली बारिश में ध्वस्त, पचातलाई-सालाबेड़ी मार्ग में भारी भ्रष्टाचार 

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। जिले के ग्रामीण अंचलों को जोड़ने के लिए बहुप्रतीक्षित पचातलाई से सालाबेड़ी तक का सड़क मार्ग ग्रामीणों के लिए सपना साबित हुआ, जो पहली ही बारिश में बिखर गया। 5.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण 4 करोड़ 45 लाख 10 हजार रुपये की लागत से कराया गया, लेकिन निर्माण गुणवत्ता इतनी खराब निकली कि महज कुछ दिन की बरसात भी यह सड़क नहीं झेल सकी। ग्रामीणों ने निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने सड़क की जर्जर हालत के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार “अभि एसोसिएट्स, इंदौर” द्वारा बनाया गया यह मार्ग शुरू से ही घटिया नजर आ रहा था। उनका कहना है कि अगर समय रहते जांच होती, तो यह हालात नहीं बनते। ग्रामीणों ने पूछा है कि जब सड़क की हालत इतनी खराब है, तो इंजीनियर ने इसे पास कैसे कर दिया? क्या निर्माण कार्य में विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत थी? शिकायतों के बावजूद विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों का लाइसेंस निरस्त किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई और ग्रामीण इस तरह के भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़े। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर एफआईआर की मांग की है।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button