हरदा में बढ़ती गुंडागर्दी: पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप, फरियादी ने एसपी से लगाई गुहार

- शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। हरदा जिले के मांदला गांव में गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। गुफरान खान (31), निवासी मांदला, ने शिकायत की है कि 27 मई को सागर शर्मा की गाड़ी चोरी कर भागते एक युवक को पकड़कर जब वे अपने घर लाए, तो निजाम, कुतुब, समीर, अरबाज, और आदिल नामक आरोपी उनके घर में घुसकर उस युवक और गुफरान पर धारदार हथियारों से हमला करने लगे।
गुफरान का आरोप है कि छीपाबड़ पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और मामूली धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने मामला धारा 294 (गाली-गलौज), 323 (साधारण मारपीट), 506 (धमकी देना), और 34 (साझा आपराधिक इरादा) के तहत दर्ज किया, जबकि जानलेवा हमले की धारा 307 नहीं लगाई गई, जिससे आरोपियों को लाभ हुआ।
आरोपियों ने 28 मई को फिर से गुफरान को धमकी दी, जिससे वे भयभीत हैं। गुफरान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने और सुरक्षा की मांग की है। फरियादी ने एसपी से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



