जिले में बिक रही अवैध शराब की शिकायतों के बाद आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार प्रकरण दर्ज

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने 3 सितंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी सुनील भौजने के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान चार प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि छह स्थानों पर तलाशी ली गई।
आबकारी टीम ने खमगांव, झुंडगांव, बाबूजी का ढाबा गहाल, कनारदा, रहटगांव और वार्ड क्रमांक-1 टिमरनी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 17 पाव देशी प्लेन शराब, 10 पाव देशी मसाला शराब और 4 लीटर हाथभट्टी कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। विभाग के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 9.5 लीटर है।
मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं छह स्थानों पर की गई तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल, आबकारी उपनिरीक्षक दीपिका वाइकर, पूनम मानकर सहित आबकारी आरक्षक एवं नगर सैनिकों की भूमिका रही।




