सेवा

दीन दयाल रसोई सेवा के 9 वर्ष पूर्ण: एक भी दिन नहीं रुकी यह मानवसेवा, अब तक 5 लाख लोगों को मिला भोजन

2017 में शुरू हुई योजना हरदा रसोई केंद्र ने संकट और आपदा के समय भी निभाई सेवा की मिसाल

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा 

हरदा। मध्यप्रदेश शासन की पहल पर शुरू हुई दीन दयाल रसोई सेवा ने मंगलवार को सेवा के 9 वर्ष पूरे कर लिए। मिडिल स्कूल परिसर में स्थित हरदा रसोई केंद्र ने 7 अप्रैल 2017 से लगातार एक भी दिन बिना रुके जरूरतमंदों को सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराया है। मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली यह रसोई अब तक लगभग 5 लाख लोगों को भोजन करा चुकी है। निर्णय शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति हरदा द्वारा नगर पालिका और दानदाताओं के सहयोग से संचालित इस रसोई केंद्र ने सामाजिक सेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी सराहना पूरे जिले में की जा रही है।

 

शहरी क्षेत्र में कोई भूखा न सोए इसी संकल्प के साथ हुई शुरुआत

रसोई केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की मंशा थी कि शहरों में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसी उद्देश्य से दीन दयाल रसोई का शुभारंभ 7 अप्रैल 2017 को किया गया था। रसोई प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होती है और जो भी जरूरतमंद यहां आता है उसे सम्मानपूर्वक बैठकर भोजन कराया जाता है।

कोरोना काल और आपदाओं में बनी सहारा

उपाध्यक्ष सरगम जैन ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान रसोई केंद्र से शहरभर में 17,000 से अधिक भोजन पैकेट वितरित किए गए थे, वहीं 2,800 मोदी किट भी जरूरतमंदों तक पहुंचाई गईं। हरदा के पटाखा विस्फोट हादसे में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हुए थे। उस कठिन समय में भी रसोई केंद्र की सेवा जारी रही। लगातार दो महीने तक प्रतिदिन सुबह 500 थालियां और शाम को 500 थालियां बनाकर पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई गईं।

शासन और समाज का संयुक्त सहयोग

रसोई संचालन के लिए गेहूं-चावल की आपूर्ति मध्यप्रदेश शासन की ओर से की जाती है। नगर पालिका बिजली, पानी और भवन उपलब्ध कराती है। बाकी सभी व्यवस्थाएं समिति और दानदाताओं के सहयोग से पूरी होती हैं। रसोई केंद्र की एक विशेष व्यवस्था यह भी है कि कोई भी व्यक्ति अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्मृति दिवस या किसी विशेष अवसर पर 5100 रुपये देकर यहां भोजन करा सकता है। इसके अलावा प्रतिवर्ष 1100 रुपये देकर परिवार सहित एक बार भोजन कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

9 वर्ष पूर्ण होने पर समाजसेवियों ने कराया भोजन

सेवा के 9 वर्ष पूर्ण होने पर रसोई केंद्र में विशेष आयोजन हुआ। समाजसेवी, समिति के सदस्य और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, पत्रकारों एवं प्रतिनिधि, पूर्व नगर अध्यक्ष साधना सुरेंद्र जैन, गोविंद व्यास, सहित अनेक लोगों ने रसोई केंद्र पहुंचकर भोजन कराया और स्वयं भी जरूरतमंदों को भोजन परोसा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में दीन दयाल रसोई ने हर वर्ग के हजारों जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता को जीवित रखा है। यह रसोई न सिर्फ भोजन का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और मानवीयता की जीवंत मिसाल है।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button