नवरात्रि में मंत्री विजयवर्गीय के विवादित बयान पर कांग्रेस का प्रहार, महिलाओं के सम्मान और बहन-भाई के रिश्ते को बताया अपमानित

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। नवरात्रि के पावन अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब पूरा देश माँ दुर्गा की आराधना में लीन है, तब बहन-भाई के पवित्र रिश्ते पर अभद्र टिप्पणी करना न केवल नवरात्रि की पवित्रता को ठेस पहुँचाता है बल्कि महिलाओं के सम्मान का भी घोर अपमान है। शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सह प्रभारी रचना जैन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई, ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव एवं पार्षद सुप्रिया पटेल मौजूद रहे। इस दौरान रचना जैन ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय का बयान बेहद शर्मनाक और असंवेदनशील है। भारतीय संस्कृति में बहन-भाई का रिश्ता पवित्रता और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन बीजेपी नेता इसे भी राजनीतिक हथियार बना रहे हैं। उन्होंने माँग की कि विजयवर्गीय महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी माँगें, अन्यथा मुख्यमंत्री को उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त करना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने आरोप लगाया कि विजयवर्गीय का महिला विरोधी रवैया नया नहीं है। उन पर पहले भी बंगाल में बलात्कार का केस दर्ज हो चुका है। प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कहा कि खंडवा के एक कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा की ही महिला विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विजयवर्गीय जैसे मंत्री नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर भी बहन-बेटियों का अपमान करने से नहीं चूकते। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विजयवर्गीय ने माफी नहीं मांगी तो महिला कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। महिला कांग्रेस ने यह भी कहा कि नवरात्रि में हम माँ दुर्गा से शक्ति की प्रार्थना करते हैं, और उसी शक्ति से बीजेपी की महिला विरोधी मानसिकता का डटकर मुकाबला करेंगे।



