मध्य प्रदेश में कांग्रेस का आक्रामक रुख: युवा कांग्रेस ने किया सीएम हाउस का घेराव, जिला अध्यक्ष व विधायक हुए शामिल
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, और महंगाई के खिलाफ 'युवा क्रांति हल्ला बोल' अभियान, कांग्रेस ने सौंपे साढ़े चार लाख पोस्टकार्ड

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पूरी तरह से एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। राज्य में लगातार हो रहे प्रदर्शन और आंदोलन के ज़रिए कांग्रेस सरकार को घेरने का हरसंभव प्रयास कर रही है। कांग्रेस की विभिन्न विंग्स द्वारा आयोजित प्रदर्शनों की श्रृंखला में, आज कांग्रेस की युवा विंग ने मुख्यमंत्री हाउस का घेराव किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की। हरदा जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। रोशनपुरा चौराहे पर एकत्रित होकर उन्होंने सीएम हाउस की ओर कूच किया। “युवा क्रांति हल्ला बोल” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस ने राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक, नर्सिंग घोटाला, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लिया।

इस प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पार्षद अहद खान, राजेश पटेल (गोयत), अजय राजपूत, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष योगेश चौहान, अनुग्रह तोमर, अनिल बिश्नोई, अनिल मेहरिया, मुजाहिद अली कृष्ण बिश्नोई, धर्मेंद्र शिंदे, वीरेंद्र ठाकुर, बंटी वर्मा, सुमित ओंकार, और मोहित राजपूत समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा, कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री को साढ़े चार लाख पोस्टकार्ड भी सौंपे। इन प्रदर्शनों के जरिए कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आने वाले चुनावों में बीजेपी सरकार को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है।



