प्रधानमंत्री मोदी की सभा के बाद हरदा के किसान परेशान, खेतों की बहाली की गुहार

- शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। हरदा जिले के अबगांव खुद में 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी आमसभा आयोजित की गई थी, जिसमें आसपास के जिलों से भी भारी संख्या में लोग शामिल हुए थे। सभा के लिए 30 एकड़ किसान की जमीन पर विशाल पंडाल बनाया गया और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने तीन हेलीपैड तैयार किए थे। इसके अलावा, खेतों में पक्का सड़क भी बनाई गई थी। हालांकि, कार्यक्रम को हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन किसानों के खेतों से हेलीपैड और सड़क को अभी तक नहीं हटाया गया है। इस कारण किसानों को आगामी फसल की तैयारी करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता केदार सिहोरी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “किसानों से जबरदस्ती जमीन ली गई और उनके खेतों को नुकसान पहुंचाया गया। सभा के बाद किसानों को इन परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। यह सब केवल चुनावी फायदे के लिए किया गया था।”
इस पर हरदा बीजेपी अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा, “प्रशासन से बातचीत हो चुकी है। हेलीपैड और सड़क को जल्द ही हटाकर खेतों को बहाल किया जाएगा ताकि किसान अपनी फसल की तैयारी कर सकें।”

किसानों ने प्रशासन और आयोजनकर्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द हस्तक्षेप करें और उनकी जमीन को पहले जैसी स्थिति में बहाल करें ताकि वे समय पर अपनी फसल की बुवाई कर सकें।



