हरदा में पुलिस का फ्लैग मार्च, कलेक्टर व एसपी रहे मौजूद, 21 दिसंबर के जन क्रांति आंदोलन को लेकर प्रशासन सतर्क, शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। रविवार 21 दिसंबर को प्रस्तावित जन क्रांति आंदोलन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को हरदा पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक स्वयं मौजूद रहे और पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस कंट्रोल रूम से की गई, जो अंबेडकर चौक, अस्पताल चौराहा, एक्सीलेंस स्कूल, नायरा पेट्रोल पंप, गुर्जर बोर्डिंग, तेजाजी चौक, पुराना चौधरी अस्पताल, काली मंदिर, परशुराम चौक, सब्जी मंडी होते हुए पुनः अंबेडकर चौक कंट्रोल रूम पर समाप्त हुई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहरवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

बाहर से बुलाई गईं 12 कंपनियां
पुलिस अधीक्षक शशांक ने बताया कि 21 दिसंबर को करणी सेना परिवार द्वारा नेहरू स्टेडियम में एक दिवसीय आंदोलन के लिए अनुमति मांगी गई है। इसी के मद्देनज़र पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 कंपनियां अतिरिक्त पुलिस बल की बाहर से बुलाई गई हैं, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। आंदोलन के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांति पूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाए।




