फरियादी ने थाने में की शिकायत, दो कारों में आए आरोपियों ने बेसबॉल बैट और लाठी से किया हमला
रास्ता रोककर युवक के साथ की गई मारपीट, धमकी देकर फरार हुए आरोपी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। शहर के नेहरू स्टेडियम क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक पर कुछ लोगों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। फरियादी ने इस संबंध में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फरियादी निखिल राजपूत पिता यशवंत सिंह राजपूत (उम्र 24 वर्ष), निवासी गली नंबर 01, नेहरू स्टेडियम के सामने, हरदा ने बताया कि दिनांक 10 जुलाई 2025 को शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी दुकान की ओर जा रहा था। जैसे ही वह नेहरू स्टेडियम की गली नंबर 3 के पास पहुंचा, तभी दो सफेद रंग की कारें वेन्यू और स्विफ्ट डिज़ायर आकर उसकी बाइक के सामने रुक गईं। कारों से प्रदीप विश्नोई, हिमांशु पवार उर्फ मानसू और उनके अन्य साथी उतरे और फरियादी को माँ-बहन की अशोभनीय गालियाँ देने लगे। इसके बाद उन्होंने बेसबॉल के डंडे, लकड़ी और हाथ-मुक्कों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में निखिल को दाहिने कंधे, पीठ और पैरों में चोटें आईं, जिससे उसे काफी दर्द हो रहा है। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि यदि दोबारा उनके मामले में आया, तो जान से मार देंगे। फरियादी के अनुसार, इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी मस्तान सिंह और रजत राजपूत हैं, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। कोतवाली थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि निखिल राजपूत की रिपोर्ट पर प्रदीप और मानसू नामक दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बेसबॉल के डंडे से फरियादी के साथ मारपीट की है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



