जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
नई बिल्डिंग का काम समय पर पूरा नहीं हुआ तो लगेगी पेनल्टी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। गुरुवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला दौरा था जिसमें उन्होंने अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, पेयजल प्रबंधन और मरीजों के भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह उनके साथ मौजूद रहे। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर बच्चों के वार्ड, रसोईघर और मरीजों के लिए बनाई गई भोजन व्यवस्था को देखा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मेनू की जानकारी ली और पूछा कि योजना अनुसार व्यवस्था संचालित हो रही है या नहीं। निरीक्षण के दौरान कुछ सामान्य अनियमितताएं भी सामने आईं, जिन्हें लेकर कलेक्टर ने कहा कि बजट मिलने के बाद इस पर सीएमएचओ से चर्चा की जाएगी।
नई बिल्डिंग निर्माण समय से पूर्ण नहीं हुई तो लगेगी पेनल्टी
कलेक्टर जैन ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि निर्माण में देरी हो रही है और कुछ कार्य अधूरे पड़े हैं। इस पर नाराज़गी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी को 16 जुलाई तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होता है तो एग्रीमेंट के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि कुछ डॉक्टर समय से पहले अस्पताल छोड़ देते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। कलेक्टर ने सीएमएचओ से मौजूदा स्वीकृत पदों की जानकारी मांगी है, ताकि वास्तविक जरूरत के अनुसार डॉक्टरों की नियुक्ति की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल में गार्ड की संख्या, उपलब्धता और रिक्त पदों की जानकारी तैयार कर भोपाल मुख्यालय भेजी जाए, जिससे आवश्यक स्वीकृति ली जा सके।



