अवैध

अवैध शराब तस्करी पर टिमरनी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 24 लाख की शराब जब्त

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। टिमरनी। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में एवं अति. पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 मार्च की रात टिमरनी पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए लाखों की अवैध शराब जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने शंका के आधार पर रोका कंटेनर

अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) टिमरनी आकांक्षा तलया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टिमरनी निरीक्षक रोशनलाल भारती व पुलिस टीम ने इंदौर-बैतूल हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक कंटेनर, जिस पर “डाक पार्सल” लिखा था और जिसका नंबर महाराष्ट्र का था, तेज गति से गुजरता दिखा। पुलिस को संदेह हुआ, जिसके चलते टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। चालक अजय सिंह और हेल्पर राधवेन्द्र सिंह, दोनों निवासी ग्वालियर, से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जब कंटेनर की तलाशी ली गई, तो उसमें 361 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 43,32 लीटर गोवा ब्रांड व्हिस्की रखी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह शराब मध्यप्रदेश के धार जिले में निर्मित होकर उड़ीसा राज्य में सप्लाई की जा रही थी, लेकिन परिवहन के लिए कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं पाया गया।

24 लाख की शराब, 15 लाख का कंटेनर जब्त

थाना टिमरनी पुलिस ने इस मामले में विधिवत कार्यवाही करते हुए अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त कर लिया। जब्त शराब की कीमत लगभग 24 लाख रुपये और कंटेनर की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। कुल 39 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी टिमरनी आकांक्षा तलया, निरीक्षक रोशनलाल भारती, सउनि रामभोग शर्मा, प्रआर 76 नीलेश तिवारी, प्रआर 364 राममोहन चीचाम, आर 142 मोहन मीणा, आर मुकेश धुर्वे और आर 289 सूरज सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने टीम की इस सफलता की सराहना करते हुए अवैध शराब के खिलाफ इसी प्रकार कड़ी कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button