अवैध

मेजर जोशी कॉलोनी में स्कूल और पार्क की जमीन बेचने का आरोप, रहवासियों ने की शिकायत

कॉलोनाइजर पर 0.98 एकड़ भूमि के अवैध बिक्री का आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। शहर के वार्ड नंबर-32 की मेजर जोशी कॉलोनी के रहवासियों ने कॉलोनाइजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, कॉलोनाइजर ने कॉलोनी की स्कूल और पार्क के लिए आरक्षित 0.98 एकड़ भूमि को अवैध रूप से बेच दिया है। यह भूमि खसरा नंबर 157/2 में स्थित है और कॉलोनी के नक्शे में इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित दिखाया गया था। कॉलोनी के निवासी वल्लभ तोषनीवाल, संजय शर्मा और महेश तिवारी ने मंगलवार को जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराई।

कॉलोनी निर्माण के नियमों का उल्लंघन

मेजर जोशी कॉलोनी, 9.77 एकड़ क्षेत्र में बसी हुई है, जिसका नक्शा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, होशंगाबाद से स्वीकृत है। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनाइजर ने प्लॉट बेचते समय स्कूल और पार्क बनाने का वादा किया था। लेकिन अब वह स्कूल और पार्क के लिए आरक्षित भूमि को ऊंचे दाम पर बेचकर आवासीय प्लॉट में बदलने का प्रयास कर रहे हैं।वल्लभ तोषनीवाल ने बताया, “हमने इस भूमि पर पर्यावरण संरक्षण के लिए फलदार पौधे लगाए थे। लेकिन कॉलोनाइजर ने जेसीबी मशीन से इन्हें नष्ट कर दिया और पार्क का आकार बिगाड़ दिया।

मंदिर की भूमि पर भी विक्रय का लगाया आरोप

वल्लभ तोषनीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी के नायर नामक व्यक्ति ने मंदिर के लिए आरक्षित भूमि को भी बेच दिया है। इस पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है, एडीएम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण किया है। शिकायतकर्ताओं द्वारा लिखित रूप में सबूत भी प्रस्तुत किए गए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button